उधमसिंह नगर: कुमाऊं विजिलेंस की टीम ने उधम सिंह नगर जिले में स्थित सितारगंज में मुख्य आंगनबाड़ी कार्यकर्ती को दो हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ती के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। विजिलेंस टीम द्वारा इस मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Anganwadi worker caught taking bribe
जानकारी के अनुसार, विजिलेंस को टोल फ्री नंबर 1064 पर एक शिकायत मिली थी। जिसमें शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी बहन ने सितारगंज इंटर कॉलेज से 2024 में इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की थी। छात्रा ने महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से संचालित 'नंदा गौरा योजना' के अंतर्गत मिलने वाली धनराशि के लिए आवेदन किया था। फॉर्म में प्रिंसिपल और आंगनबाड़ी वर्कर का प्रमाण पत्र भी लगना था। इन प्रमाण पत्रों पर हस्ताक्षर करने के लिए आंगनबाड़ी वर्कर और प्रिंसिपल ने छात्रा से योजना के तहत मिलने वाली धनराशी में से 10-10 हजार रूपये की मांग की थी।
छात्रा पर बना रही थी दबाव
शिकायतकर्ता ने बताया कि बीते 28 मार्च 2025 को उनकी बहन के खाते में धनराशी आ चुकी थी। इसकी जानकारी मिलते ही आरोपी सितारगंज आंगनबाड़ी की कार्यकर्ता ने बालिका को रिश्वत के पैसे देने के लिए दबाव डालना शुरू कर दिया। उसने भविष्य में मिलने वाली सरकारी योजनाओं का लाभ न देने की धमकी भी दी। इसके अतिरिक्त, आर्थिक सहायता की राशि को रद्द करने और जांच कराने की भी धमकी दी। जब शिकायतकर्ता ने जब से इस बारे में उससे बातचीत की, तो इस बार उसने 2 हजार रुपए रिश्वत देने की मांग की। आरोपी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने शिकायतकर्ता को 5 मार्च को रिश्वत की राशि लेकर बुलाया था।
विजिलेंस ने रंगे हाथों पकड़ा
शिकायत कर्ता की तहरीर के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक विजिलेंस हल्द्वानी अनिल सिंह मनराल ने अपने पर्यवेक्षण में तुरंत ट्रैप टीम का गठन किया। ट्रैप टीम ने आज, 5 मई को आरोपी मुख्य आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को उसके घर के बाहर 2 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। वहीं, विजिलेंस टीम की जांच में प्रिंसिपल निर्दोष साबित हुई, रिश्वत की मांग केवल मुख्य आंगनबाड़ी कार्यकत्री द्वारा की गई थी। निदेशक सतर्कता डॉ. वी. मुरुगेशन ने जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी रिश्वतखोर की शिकायत तुरंत सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री नंबर 1064 और व्हाट्सएप नंबर 9456592300 पर करें।